
नौगांव। थाना पुलिस द्वारा पिछले दिनों नशीली दवाओं का कारोबार करने वाले दो युवकों को पकड़ा गया था, जिनके द्वारा एक अन्य आरोपी का नाम पुलिस को बताया गया था। पुलिस तभी उसकी तलाश में जुटी हुई थी, जिसके चलते बीते रोज तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि पिछले दिनों नगर के नयागांव रोड पर कृष्ण मोहन त्रिपाठी द्वारा नशीली सामग्री बेचने हेतु ले जाई जा रही थी तभी उसे पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले मनोज रिछारिया और कारोबार में लिप्त बद्री प्रसाद गुप्ता का नाम पुलिस को बताया था। कृष्णमोहन और मनोज रिछारियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि बद्री प्रसाद गुप्ता की तलाश निरंतर की जा रही थी। बीते रोज बद्री प्रसाद पुत्र अयोध्या प्रसाद गुप्ता उम्र 41 वर्ष निवासी मोहल्ला सिकन्दरपुर राठ जिला हमीरपुर उत्तरप्रदेश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कार्रवाई में पुलिस ने कोडीन फास्फेट एंड क्लोरफिनिरामाइन मालेट सीरप की 167 सीसी जप्त की थीं और आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था।









