
जांच में जुटी पुलिस, सामने आया मारपीट का वीडियो
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत देरी रोड पर जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे चल गए। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मारपीट होते दिख रही है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों पर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है।पहले पक्ष ने कहा- मारपीट करने के बाद पैसे और बाइक छीनीगुरूवार की रात अपने परिवार के साथ सिविल लाइन थाना पहुंचे देरी रोड निवासी दिनेश कुशवाहा के मुताबिक देरी रोड पर महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के पास उनकी जमीन मौजूद है, जिस पर वे खेती-किसानी का काम करते हैं। उक्त जमीन पर दिनेश सिंह उर्फ लल्लू, तुलसीदास कुशवाहा और रमेश कुशवाहा कब्जा करना चाहते हैं, जिसके चलते उनके द्वारा बीते रोज करीब दो दर्जन गुंडे भेजे गए। उक्त गुंडों ने खेत पर दिनेश और उसके पिता के साथ मारपीट की और उनकी बाइक तथा पैसे छीनकर भाग गए। इसके बाद आरोपियों ने सिविल लाइन थाना जाकर उनके ही विरुद्ध झूठी शिकायत कर दी।दूसरे पक्ष ने कहा- नपाई होने के बाद भी किया जा रहा था कब्जाउक्त मामले में दूसरे पक्ष के दिनेश सिंह उर्फ लल्लू का कहना है कि गत 29 नवंबर को प्रशानिक अमले द्वारा जमीन की नपाई करवाकर खंभे लगवाए गए थे। बीते रोज सुबह करीब 11 बजे जब वे खेत पर पहुंचे तो उक्त खंभे उखड़े हुए मिले। वे अपने साथी विशाल के साथ मुआयना कर रहे थे तभी दिनेश कुशवाहा और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दिनेश सिंह के मुताबिक जो वीडियो सामने आया है, उसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि कुशवाहा परिवार के हाथों में लाठी-डंडे हैं जबकि वह और उसका साथी निहत्था था। मारपीट में दिनेश सिंह के सिर में चोट आई है जबकि उसके साथी विशाल का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। दिनेश ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। फिलहाल दिनेश सिंह जिला अस्पताल में भर्ती हैं।









