
छतरपुर। सिद्ध क्षेत्र हनुमान टौरिया में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विशाल भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है। 12 एवं 13 नवंबर को महारास का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने महारास में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाया।श्री हनुमान टौरिया रावतन ट्रस्ट के पदाधिकारी नीरज भार्गव ने बताया कि पिछले 38 वर्षों से हनुमान टौरिया में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विशाल भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है। पूरे कार्तिक माह अखण्ड संकीर्तन का कार्यक्रम चलता है। कार्तिक पूर्णिमा पर विशाल भण्डारा रखा जाता है। इस बार एक नया प्रयोग किया गया है जिसमें महारास शामिल किया गया। श्री भार्गव ने बताया कि चूंकि कार्तिक मास भगवान श्रीकृष्ण की आराधना का मास है इसलिए धर्मप्रेमियों हेतु दो दिवसीय महारास का आयोजन किया गया। 12 एवं 13 नवंबर को भगवान राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई। आसपास ही नहीं दूर-दूर से लोग पावन चरित्र देखने हनुमान टौरिया पहुंचे। नगर एवं क्षेत्रवासियों से आग्रह किया गया है कि वे कार्तिक पूर्णिमा में होने वाले विशाल भण्डारे में शामिल होकर प्रसाद अवश्य ग्रहण करें।









