
छतरपुर। नगरपालिका छतरपुर द्वारा ऐतिहासिक मेला जलबिहार में प्रतिदिन रात्रि के समय स्थानीय एवं बाहर से आए बुंदेली बैंड एंड भजन संध्या कलाकार खनिज देव चौहान, कविता शर्मा, मान्यता श्रीवास्तव और ओमप्रकाश तिवारी के द्वारा रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। जिसमें सातवीं रात कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। बुंदेली बैंड एंड भजन संध्या का आनंद लेने के लिए देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही एवं दर्शक तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साह वर्धन करते रहे।बुंदेली बैंड एंड भजन संध्या कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती वन्दना और दीप प्रज्वलित के साथ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि छतरपुर विधायक ललिता यादव, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक पुष्पेन्द्र पाठक के अलावा अन्य अतिथिगणों को पुष्प गुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। मेला जल बिहार में लगने वाली दुकानें, झूला, मौत का कुआं, पायल की झंकार, खाजा, अन्य बुंदेली व्यंजन सहित मेला में कार्यक्रम देखने के लिए लोग उत्साह पूर्वक पहुंच रहे हैं। रात्रि के समय आकर्षक लाईटों से जगमगाता मेला लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। मेला जलबिहार में 28 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और 29 को ऑल इंडिया मुशायरा का आयोजन किया जाएगा।








