
टीकमगढ़। शहर में अमन चैन बरकरार रखने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। नवागत पुलिस अधीक्षक और कोतवाल की सख्ती का असर दिखाई देने लगा है। नगर भ्रमण कर असमाजिक तत्वों को फटकार लगाई गई, वहीं वाहन चलाने वालों को भी समझाइश दी गई। लोगों ने इस कार्रवाई से राहत की सांस ली है। बताया गया है कि थाना प्रभारी पंकज शर्मा आज देर शाम अचानक पुलिस टीम के साथ शहर के भ्रमण पर निकले। उन्होंने नगर के स्टेट बैंक, मानस मंच पर लगी प्रदर्शनी सहित अन्य स्थानों पर पुलिस बल के साथ निरीक्षण किया। इसके साथ ही दुकानदारों को भी समझाया। उन्होंने लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को जाना। इसके साथ ही समस्याओं को दूर करने का भरोसा दिलाया। बताया गया है कि पुलिस कप्तान मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देश के बाद थाना प्रभारी पंकज शर्मा द्वारा नगर का भ्रमण किया गया है। इस दौरान उन्होंने आम व्यापारियों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अगर बाजार में किसी को भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो आप इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नगर के लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस हमेशा खड़ी है।








