

छतरपुर। स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत 25 एमपी बटालियन एनसीसी छतरपुर एवं शासकीय कन्या पीजी महाविद्यालय एनसीसी छतरपुर द्वारा बटालियन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई। रैली के द्वारा जिला अस्पताल में आमजनों, मरीजों एवं उनके परिवारजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी प्रभारी डॉ. नीरज निरंजन द्वारा किया गया। डॉ. नीरज निरंजन द्वारा बताया गया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत एवं स्वस्थ भारत के सपने को सार्थक करने के उद्देश्य से आमजनों एवं मरीजों को स्वच्छता के महत्व एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति सजक रहने के लिए प्रेरित किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने जिला अस्पताल में एडमिट मरीजों एवं उनके परिवारों को स्वच्छता की शपथ दिलाई एवं यह वादा भी लिया कि वह अपने-अपने स्तरों पर स्वच्छता के नियमों का पालन करते हुए विश्व पटल पर एक स्वस्थ एवं स्वच्छ भारत के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करने का हर संभव प्रयास करेंगे। इसी क्रम में महविद्यालय एनसीसी इकाई की अंडर ऑफिसर वंदना देवी पटेल, सी.क्यू.एम.एस अंकिता विश्वकर्मा ने स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत अपना उल्लेखनीय योगदान देने हेतु महाविद्यालय एनसीसी इकाई के दो ऑफिसर्स को बुधवार को नगर पालिका कार्यालय छतरपुर में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तपस्या सिंह परिहार तथा जिला प्रशासन छतरपुर द्वारा सम्मानित किया गया।








