
बार-बार शिकायत करने के बाद भी नहीं हुआ सुधार
छतरपुर। शनिवार की देर रात शहर की चौबे कॉलोनी में विद्युत लाइन का तार टूट जाने से भीषण गर्मी के कबीच करीब साढ़े 6 घंटे तक बिजली गुल रही। इस बीच स्थानीय लोगों ने कई बार विद्युत विभाग के हेल्पलाइन नंबरों पर फोन लगाकर शिकायत करने का प्रयास किया लेकिन किसी भी नंबर पर बात नहीं हो सकी। बाद में विभाग के एक नंबर पर बात हुई जिस पर गाड़ी आने के बाद सुधार कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद भी जब दो-तीन घंटे तक सुधार नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों ने कार्यालय के बाहर पहुंचकर हंगामा शुरु कर दिया।प्राप्त जानकारी के मुताबिक रात करीब 10 बजे बिजली गुल हो गई थी, जिसके बाद करीब डेढ़ बजे तक लोग विद्युत विभाग में शिकायत करने का प्रयास करते रहे। बमुश्किल शिकायत दर्ज होने के बाद लोगों ने लगभग तीन घंटे तक और इंतजार किया लेकिन जब सुधार नहीं हुआ तो लोगों के सब्र का बांध टूट गया और सभी एकत्रित होकर विद्युत कार्यालय के बाहर पहुंचकर हंगामा करने लगे। जैसे ही हंगामा शुरु हुआ वैसे ही विभाग द्वारा आनन-फानन में विद्युत सुधार वाहन को बुलाकर सुधार हेतु भेजा गया। चूंकि उक्त वाहन में मात्र एक कर्मचारी था जिस कारण से उसे स्थानीय लोगों से सहयोग लेना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब साढ़े 3 बजे विद्युत सप्लाई शुरु हुई। वार्डवासियों ने बताया कि पूरे वार्ड के विद्युत तारा खराब हो चुके हैं, जिसकी शिकायत कई बार की गई लेकिन तार नहीं बदलवाए जा रहे हैं। स्थानीय निवासी पिंकू चौहान ने बताया कि बिजली कटौती से पूरा वार्ड परेशान है। बिजली विभाग से मेंटिनेंस कराने के लिए कई लिखित और मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन विभाग द्वारा सुधार कार्य नहीं करवाया जा रहा है।









