
जिला मुख्यालय के अलावा जिले के अन्य ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में परंपरागत तरीके से भगवान की विमान यात्राएं निकाली गईं। ईशानगर कस्बे के बांके बिहारी और अवध बिहारी मंदिर में विराजित भगवान की प्रतिमाओं को विमान में बैठाकर नगर भ्रमण कराया गया और इसके बाद महावीरन तालाब में पहुंचकर भगवान ने जल विहार किया। इस दौरान मंदिर के पुजारी शंकरलाल बाजपेयी, पुजारी पप्पू चौबे, पालकी चालक गौरी रैकवार, मुन्ना रैकवार, सेवा रैकवार, चत्तू रैकवार, कमलेश रैकवार, धनुआ रैकवार, नीरज रैकवार, मलू रैकवार सहित धर्मप्रेमी मौजूद रहे, वहीं ईशानगर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई। इसी तरह चंदला में भी भगवान को जल विहार कराया गया। चंदला में जल विहार के साथ ही मेले का शुभारंभ भी हुआ, जिसमें रविवार को जबलपुर से आए शिव शक्ति देवी जागरण ग्रुप के कलाकारों और में भजन गायिका संजो बघेल ने प्रस्तुतियां दीं। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम नगर परिषद के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ समारोह में नगर परिषद सीएमओ अजय अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष अंशु हर्षित सहित नगर परिषद की टीम और हजारों लोग उपस्थित रहे।








