
20 को छतरपुर में निकलेगी किसान न्याय यात्रा
छतरपुर। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के आवाहन पर पूरे प्रदेश में किसान न्याय यात्रा के माध्यम से किसानों के हित में आवाज उठाई जा रही है। इसी क्रम में आगामी 20 सितंबर को छतरपुर शहर में भी किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी। रविवार को कांग्रेस के जिला कार्यालय में उक्त कार्यक्रम को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम प्रभारी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सुझाव लेकर आयोजन की रणनीति तैयार की।किसान न्याय यात्रा की प्रभारी कांग्रेस नेत्री किरण अहिरवार ने बताया कि इस समय प्रदेश के किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है, ऐसे में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश के किसानों की आवाज उठाने का निर्णय लेते हुए सभी जिलों में किसान न्याय यात्रा निकालने का आवाहन पार्टी पदाधिकारियों से किया है। उनके आवाहन पर 20 सितंबर को छतरपुर में किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि पन्ना रोड पर मौजूद एक निजी होटल से कांग्रेसी नेता जिले के किसानों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगे, जहां किसानों की समस्याओं पर आधारित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को भेजा जाएगा। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल के अलावा सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









