
भाजपा के सदस्यता अभियान में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री
छतरपुर। सोमवार को छतरपुर जिले के प्रवास पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री एवं छतरपुर-टीकमगढ़ सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार की मौजूदगी में छतरपुर विधानसभा के तीन गांवों में सांसद विकास निधि से बनवाई गई सांसद चौपालों का लोकार्पण हुआ। इसके साथ ही केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, भाजपा द्वारा शुरू किए गए सदस्यता अभियान में भी शामिल हुए।भाजपा नेता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ललौनी, ढड़ारी और धौरी में सांसद विकास निधि से चौपालों का निर्माण कराया गया है, जिनमें गांव के सार्वजनिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। उक्त कार्यक्रमों की खास बात यह रही कि सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार की मौजूदगी में चौपालों का लोकार्पण संबंधित गांव के बुजुर्गों ने किया। लोकार्पण के बाद सांसद ने नवनिर्मित चौपालों में बैठकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और शीघ्र निराकरण कराने का भरोसा दिया। सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने इस अवसर पर कहा कि छतरपुर विधानसभा के ग्रामीण अंचलों से उन्हें सदैव भरपूर प्रेम मिला है और वे भी सदैव यहां के लोगों की सेवा करने के लिए संकल्पित हैं। उक्त लोकार्पण कार्यक्रमों के बाद डॉ. वीरेन्द्र कुमार शहर के मोटे के महावीर मंदिर परिसर में आयोजित सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से लक्ष्य पूरा करने में संगठन का सहयोग करने की अपील की। भाजपा नेता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि हर 6 वर्ष में पार्टी द्वारा सदस्यता अभियान चलाया जाता है। इस वर्ष के अभियान का लक्ष्य 10 करोड़ रखा गया है, जिसमें से 25 हजार सदस्य छतरपुर जिले में बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान संपन्न होने के बाद पार्टी की बूथ, मंडल, जिला, प्रांतीय और राष्ट्रीय कमेटियों का गठन किया जाएगा।









