
प्रभारी प्राचार्य की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर, आरोपी गिरफ्तार
छतरपुर। भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरिया के शासकीय स्कूल में गत रोज उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शराबी युवक हाथ में तलवार लेकर विद्यालय में घुस गया। बताया गया है कि शराब के नशे में धुत्त गांव के ही रहने वाला अंकी मिश्रा ने न केवल स्कूल के स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकाया, बल्कि छात्र मनीष कुशवाहा सहित कुछ अन्य बच्चों के साथ भी मारपीट भी की। इस हंगामे का किसी ने वीडियो बना लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार जैन ने बताया कि उक्त युवक पूर्व में भी एक बार इस तरह की हरकत कर चुका है, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी। एक बार फिर उसकी शिकायत भगवां थाने में की गई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु की है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन का कहना है कि शराबी युवक का तलवार लेकर स्कूल में घुसने और हंगामा करने का वीडियो उनके संज्ञान में आया है। आरोपी के ऊपर बीएनसी की धारा 115(2), 296, 351 (2), 132, 333 के तहत मामला दर्ज कर किया गया है। मंगलवार की दोपहर में आरोपी अंकी मिश्रा को घुवारा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है उसके पास से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की गई है। आरोपी के विरूद्ध पिछले वर्ष सागर जिले के शाहगढ़ थाने में छेड़छाड़ और अपहरण का अपराध पंजीबद्ध किया गया था।









