
छतरपुर। सरकार द्वारा चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत छतरपुर जिले में गत कई वर्षों से कार्यरत सृजन संस्था द्वारा सोमवार को स्व सहायता समूह की महिलाओं से पौधरोपण कराया गया। उक्त कार्यक्रम राजनगर विकासखंड अंतर्गत आने वाले पुरवा गांव में जय जटाशंकर स्वसहायता समूह की महिलाओं ने किया। महिलाओं ने यहां अमरूद का बगीचा तैयार करने की मंशा से पौधरोपण किया है, ताकि भविष्य में उन्हें निश्चित और नियमित आय प्राप्त हो सके। सृजन संस्था के शांतनु सिद्धार्थ दुबे ने बताया कि उनकी संस्था के माध्यम से जिले में अभी तक लगभग 15 हजार फलदार पौधे लगाए जा चुके हैं। पौधरोपण के बाद संस्था द्वारा लगाए गए पौधों की निगरानी भी कर रही है। कार्यक्रम में स्व सहायता समूह की महिलाओं के अलावा सृजन संस्था की सरिता त्रिपाठी, अमन परमार, दिलीप शाक्य, राममोहन गुप्ता, संजय चौबे, चित्रा, साक्षी, रोहित, बलदाऊ, कृषि विभाग के ग्राम सेवक कृषि विस्तार अधिकारी बृजकिशोर श्रीवास्तव एवं नितेश उपस्थित रहे।








