
सड़क के लिए ग्रामीणों का इंतजार आज भी बरकरार
घुवारा। बड़ामलहरा जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुरापट्टी के बंदेलनखेरा गांव के लोगों द्वारा किया जा रहा सड़क का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। आजादी के 78 साल बीत जाने के बाद भी इस गांव के पहुंच मार्ग पर पक्की सड़क नहीं बन सकी है, जिसके चलते ग्रामीणों को दलदल जैसे मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। कई दशकों से ग्रामीण सड़क की मांग कर रहे हैं लेकिन न तो जिला प्रशासन को उनकी चिंता है और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को। ग्रामीणों के मुताबिक जनप्रतिनिधि सिर्फ चुनाव के वक्त उनके पास आते हैं।उल्लेखनीय है कि बंदेलनखेरा गांव यादव बाहुल्य है, जिसकी आबादी करीब करीब 1100 है। इन ग्रामीणों द्वारा करीब दो किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग को पक्का करवाने की मांग कई वर्षों से की जा रही है। सड़क न बनने के कारण ग्रामीणों को बारिश के समय दल-दल से होकर जाना पड़ता है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चे और मरीज भी गुजरते हैं। गांव की बच्चे यहां से साइकिल पर सवार होकर भगवां पढऩे जाते हैं, जिससे उनके कपड़े, चप्पल आदि खराब हो जाते हैं। कई बार कीचड़ में साइकिलें फिसलने से बच्चे घायल भी हो जाते हैं। इतनी गंभीर समस्या होने के बाद भी नेता और अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। ग्रामीण रामकुमार यादव, इमरत यादव, खलकुवा यादव, अरविंद यादव, देवेन्द्र यादव, माखन यादव, जयहिंद यादव, प्रभु यादव, रामफल अहिरवार, महेश अहिरवार, पतन अहिरवार आदि ने बताया कि वे कई बार जनपद से लेकर जिला तक ज्ञापन सौंप चुके हैं लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।









