
2 बाइक पर सवार 4 नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोंक पर की लूट
छतरपुर। जिले में इन दिनों आपराधिक घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो रही है। आए दिन लूट एवं गोली की घटनाएं से लोग दहशत में है। रविवार की दोपहर शहर के बीचोंबीच भीड़भाले इलाके में एक व्यापारी के साथ चार बदमाशों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं घटना की सूचना लगते ही कोतवाली पुलिस सहित एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि राजश्री गुटखा के व्यापारी कृष्ण कुमार अग्रवाल उर्फ पप्पू नौगांव रोड पर स्थित गोदाम से लगभग दोपहर 12 बजे कलेक्टर बंगले के पीछे अपने घर के लिए निकले थे तभी खड़े हनुमान मंदिर के पास सामने से दो बाईकों पर आए चार बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी के सामने अपनी बाईक अड़ा दी और गाली-गलौच करने लगे, इसके बाद बदमाशों ने कट्टे से उनकी गाड़ी का कांच तोड़कर गाड़ी के अंदर थैले में रखकर 8 लाख रूपए नगद उठाए और रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना लगने पर कोतवाली टीआई अरविंद कुजूर, सीएसपी अमन मिश्रा एवं एसपी अगम जैन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वहीं व्यापारी कृष्णकुमार अग्रवाल ने बताया कि बाईकों से आए बदमाश मुंह पर काले कलर का नकाब पहने हुए थे। सीएसपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर लूट का खुलासा किया जाएगा।









