
मृतक के परिजनों के साथ कलेक्टर, एसपी को सौंपा ज्ञापन
छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम दरगुवां में गत 19 जुलाई को एक युवक की कुएं में लाश मिली थी। पुलिस द्वारा इस मामले को आत्महत्या बताया गया था जबकि मृतक के परिजनों का आरोप था कि पुरानी बुराई के चलते युवक की हत्या की गई है। उक्त संदिग्ध मामले में मृतक के परिजनों को अब भीम आर्मी का साथ मिला है, मंगलवार को जिला मुख्यालय पर भीम आर्मी के बैनर तले परिजनों और पदाधिकारियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
भीम आर्मी जिलाध्यक्ष गजेन्द्र अहिरवार ने बताया कि बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम दरगुवां निवासी बलीराम अहिरवार का पुत्र नीलेश 18 जुलाई को घर से लापता हुआ था और इसके बाद 19 जुलाई को गांव के एक कुएं में उसका शव मिला था। परिजनों ने शुरुआत में ही हत्या का संदेह जाहिर किया था लेकिन बड़ामलहरा पुलिस ने परिजनों की बात को अनसुना करते हुए आत्महत्या का प्रकरण बताकर मामले की विवेचना नहीं की। परिजनों का कहना है कि मृतक नीलेश को कुछ दिन पहले गांव के देवी राय, राजकुमार राय, लखन राय और रोहित राय ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिस कारण से उन्हें संदेह है कि उक्त लोगों ने ही नीलेश की हत्या करने के बाद उसके शव को कुएं में फेंका है। भीम आर्मी ने कलेक्टर, एसपी से मांग की है कि वे 8 दिवस में मामले की निष्पक्ष जांच कराएं अन्यथा संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।








