
नगदी, लग्जरी कार, आधा दर्जन बाइक सहित 16 लाख की संपत्ति जब्त
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गंज में चोरी छुपे जुए के फड़ संचालित होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने अपने स्तर पर एक टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद टीम ने संबंधित स्थान पर दबिश देकर आधा दर्जन से अधिक जुआरियों को पकडऩे की कार्रवाई की है। जुआरियों के पास से पुलिस टीम ने नगदी, एक लग्जरी कार और आधा दर्जन बाइक सहित 16 लाख की संपत्ति जब्त की है। गौरतलब है कि इस कार्रवाई की सूचना बमीठा थाना पुलिस को नहीं दी गई थी।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीते रोज पुलिस अधीक्षक अगम जैन को बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गंज में जुए का फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी और मुखबिर ने यह भी बताया था कि बमीठा पुलिस यहां कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने छतरपुर सीएसपी अमन मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली और ओरछा रोड थाना छतरपुर के पुलिस बल की संयुक्त टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उक्त टीम ने संबंधित स्थाल पर दबिश दी 7 जुआरी हार-जीत के दांव लगाते पकड़े गए। जुआरियों के पास से पुलिस टीम को 2 लाख रुपए नगद, एक अर्टिगा कार, 6 बाइक और ताश के 52 पत्ते मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पकड़े गए जुआरियों ने अपने नाम मोहम्मद मंसूरी निवासी छतरपुर, हरि कुशवाहा निवासी छतरपुर , सोनू खान निवासी छतरपुर, सुनील असाटी निवासी खरगापुर जिला टीकमगढ़, सुनील चौरसिया निवासी देवगांव, तरुण तिवारी निवासी गंज थाना बमीठा, राजकुमार पटेल निवासी जिला पन्ना बताए हैं। सभी के विरुद्ध जुआ एक्ट का मामला पंजीबद्ध किया गया है और उन्हें न्यायालय में उपस्थित होने हेतु पाबंद किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुजूर, थाना प्रभारी ओरछा रोड उप निरीक्षक पुष्पेंद्र यादव, उपनिरीक्षक राहुल तिवारी, प्रधान आरक्षक संदीप तोमर, तरुण विश्वकर्मा, आरक्षक राजेश यादव, गुलाब खान, कपेन्द्र घोष एवं पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही।









