
छतरपुर पुलिस ने किया बलवा ड्रिल का अभ्यास
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में पुलिस लाईन स्थित परेड ग्राउंड पर शुक्रवार को लोकसभा चुनाव-2024 की मतगणना एवं कानून व्यवस्था के परिपेक्ष्य में बलवा ड्रिल का अभ्यास करवाकर बलवा परेड का आयोजन किया गया। बलवा ड्रिल में पुलिस के 5 दल बनाए गए थे, जिनमें अश्रु गैस, केन, लाठी, राइफल और रिजर्व दल शामिल थे। अभ्यास के दौरान बलवाइयों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस पर पत्थर फेंके, जिसके पश्चात पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग किया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह द्वारा बलवा ड्रिल में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में बलवा ड्रिल के महत्व के बारे में बताया। साथ ही बलवा ड्रिल अभ्यास करते समय पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारी द्वारा बलवा ड्रिल में की गई त्रुटियों एवं आने वाली समस्याओं के बारे में समझाइश दी गई। बलवा परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छतरपुर विक्रम सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, जिले के समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, सूबेदार प्रभा सिलावट एवं समस्त थाना, चौकी प्रभारी सहित लगभग 140 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









