
पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में किया खुलासा
छतरपुर। मंगलवार की दोपहर गुलगंज थाना अंतर्गत ग्राम मऊखेड़ा में हुए विवाद के बाद उपचार के दौरान घायल अरविंद यादव की मौत होने से पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कंट्रोल रूम में पत्रकारों के समक्ष पुराने विवाद के बाद मारपीट में हुई हत्या का खुलासा किया है।
एसपी अगम जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 27 अप्रैल 2024 की शाम फरियादी पुन्ना यादव उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम मऊखेड़ा उसकी पत्नी एवं लड़के अरविंद के साथ गांव के लोगों द्वारा लड़ाई झगड़ा कर लाठी डंडों से मारपीट संबंधी रिपोर्ट पर थाना गुलगंज में मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी संबंधी विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पाया कि पुरानी रंजिश के तहत मारपीट कर अरविंद यादव की हत्या की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पुलिस टीम गठित कर लाठी डंडों से मारपीट कर हत्या करने वाले सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया। थाना प्रभारी गुलगंज गुरु दत्त शेषा एवं पुलिस टीम द्वारा हत्या की घटना में शामिल तीन अभियुक्त कल्लू उर्फ वीरेंद्र यादव, धीरज यादव, जाहर यादव निवासी ग्राम मऊखेड़ा थाना गुलगंज को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ पर अभियुक्तों ने झगड़े की वजह पूर्व में हुए विवाद होना बताया। मारपीट एवं हत्या की घटना के शेष आरोपियों की तलाश एवं विवेचना कार्यवाही जारी है।
क्या था मामला
मऊखेरा गांव का रहने वाला अरविंद यादव उम्र 22 वर्ष छतरपुर में मजदूरी करता था और वह मजदूरी करके वापस गांव पहुंचा था। अरविंद यादव, उसके पिता पुन्ना यादव एवं उसकी मां घर के दरवाजे पर बैठे थे तभी गांव के दबंग नीरज, कल्लू, नेता, जाहर, मनकुसी मोटर साईकिल से आए और लाठी, डण्डों से सबके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट में अरविंद सहित उसके माता-पिता को भी गंभीर चोटे आयीं। घायलों को गुलगंज अस्पताल ले गए जहां हालत गंभीर होने के बाद घायलों को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया था। रात में उपचार होने के बाद सुबह के समय अरविंद यादव की हालत बिगडऩे लगी तभी परिजन उसे एंबुलेंस से मिशन हॉस्पिटल ले गए जहां उसकी मौत हो गई थी। वहीं परिजनों का कहना है कि पुराने विवाद के चलते उनके साथ मारपीट की गई थी जिसमें अरविंद यादव की मौत हो गई।








