
लिखा-पढ़ी की पाठशाला में ग्राहकों ने जाने नियम-कानून
छतरपुर। पिछले 5 दशकों से ग्राहकों के हित में काम कर रही संस्था अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के तत्वावधान में रविवार को जिला मुख्यालय पर लिखा-पढ़ी की पाठशाला नामक कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला में ग्राहकों को उनके अधिकार और नियमों की विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया। कार्यशाला में रिटायर प्रोफेसर सीएम शुक्ला, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के विभाग संयोजक शैलेन्द्र मिश्रा, प्रांतीय महासचिव शीलेन्द्र मिश्रा और जिला सचिव बालमुकुन्द द्विवेदी मंचासीन रहे।
विभाग संयोजक शैलेन्द्र मिश्रा ने बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत पिछले 50 वर्षों से ग्राहकों के हित संरक्षण का कार्य करते हुए शोषितों का समर्थन करते आ रही है। उसी क्रम में आज लिखा-पढ़ी की पाठशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में ग्राहकों को बताया गया कि किसी भी वस्तु अथवा सेवा लेते समय हमें किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किस तरह की लिखा-पढ़ी करनी चाहिए। इसके साथ ही ग्राहक संबंधी नियम-कानूनों को जांचने की सलाह भी दी गई। उन्होंने बताया कि कि जानकारी का अभाव में कई ग्राहकों का शोषण कर लिया जाता है और ग्राहक कुछ कर भी नहीं पाते, जबकि ऐसी परिस्थिति से निपटने के लिए कई तरह के कानून हैं। उन्होंने कहा कि अगर ग्राहकों में जानकारी का अभाव न हो और नियमों की जानकारी हो तो ग्राहकों के साथ होने वाले शोषण को पूरे तरह से समाप्त किया जा सकता है। इसी उद्देश्य के साथ आज उक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने जिला मुख्यालय पर आयोजित यह कार्यशाला आज उद्घाटन के तौर पर हुई है, इसके उपरांत संपूर्ण जिले में इसका आयोजन कर ग्राहकों को जागरुक किया जाएगा।








