
सुरक्षाकर्मी बोले- वाहनों की जिम्मेदारी हमारी नहीं
छतरपुर। रविवार की दोपहर में जिला अस्पताल परिसर से एक साथ बाईक चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। पीडि़तों ने अस्पताल के गार्ड से जब बात की तो उन्होंने यह कहते पल्ला झाड़ लिया कि वाहनों की जवाबदारी उनकी नहीं है। फिलहाल दोनों पीडि़तों ने कोतवाली थाने में शिकायती आवेदन दिए हैं, जिनको संज्ञान में लेकर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ कर दी है।
छतरपुर के सटई रोड पर रहने वाले प्रदीप गुप्ता ने बताया कि उसकी मौसी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका हाल जानने के लिए वह दोपहर 1 बजकर 20 मिनिट पर जिला अस्पताल आया था। करीब ढाई घंटे बाद 3 बजे जब वह अस्पताल से बाहर निकला तो उसकी बाईक एमपी 16 एमडी 4446 अपने स्थान पर नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद भी उसे बाईक नहीं मिली। इसी तरह बिजावर निवासी उदयभान शुक्ला ने बताया कि उसके मित्र के चाचा को रक्त की आवश्यकता थी। वह रक्तदान करने के लिए दोपहर करीब 2 बजे बिजावर से जिला अस्पताल आया था। रक्तदान के बाद दोपहर करीब 3 बजे वह जब वह अस्पताल से बाहर आया तो उसकी बाईक एमपी 16 एमएल 7540 अपने स्थान पर नहीं थी। दोनों पीडि़तों ने अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों से जब इस बारे में बात की तो सुरक्षाकर्मियों ने वाहनों की जिम्मेदार उनकी न होने की बात कही। बाद में दोनों पीडि़तों ने कोतवाली थाने में अपनी-अपनी बाईक चोरी होने की शिकायतें दी हैं। पुलिस ने सर्वप्रथम जिला अस्पताल पहुंचकर परिसर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं।








