
मां ने रिश्तेदारों पर लगाए आरोप, मामला संदिग्ध
छतरपुर। भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम कुसाई की रहने वाले एक लड़की करीब 4 दिन से लापता थी। मंगलवार को लड़की का शव गांव के ही एक कुंए में उतराता हुआ मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतिका की मां ने अपने कुछ रिश्तेदारों पर आरोप लगाए हैं जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल भगवां पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुसाई गांव के रहने वाले परमलाल रैकवार की 18 वर्षीय पुत्री रेखा रैकवार गत शुक्रवार 29 मार्च की दोपहर घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव और रिश्तेदारी में उसकी तलाश की और जब कुछ पता नहीं चला तो शनिवार को भगवां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और परिजन लगातार रेखा की तलाश कर रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे रेखा का शव गांव के ही एक कुंए में उतराता हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिस पर थाना प्रभारी रामस्वरूप उपाध्याय अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को कुंए से बाहर निकाला गया और पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। चूंकि मृतिका की मां सुनीता रैकवार के द्वारा अपने रिश्तेदार मिथुन और सतीश रैकवार निवासी ककरवाहा के ऊपर रेखा को प्रताडि़त करने के आरोप लगाए गए हैं, जिस कारण से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। बहरहाल पुलिस द्वारा मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।








