
सुबह से शुरु हुए धार्मिक कार्यक्रम देर शाम तक चले
छतरपुर। शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की पूजा करने के लिए जिले भर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। जिले भर के तमाम मंदिरों में विविध धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। सुबह से शुरु हुआ पूजा-अर्चना का दौर देर शाम तक चला। जगह-जगह शिव विवाह के कार्यक्रम भी आयोजित हुए।जिला मुख्यालय पर संकट मोचन मंदिर सहित अन्य मंदिरों में पूर्जा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चला। संकट मोचन मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह मंदिर समिति के तत्वावधान में कराया गया। यहां विशाल भंडारा भी आयोजित किया गया जिसमें छतरपुर शहर के अलावा आसपास के क्षेत्र से हजारों भक्तों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं दूसरी ओर शहर के दूधनाथ मंदिर में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छतरपुर रजें के डीआईजी ललित शाक्यवार सपत्नीक दूधनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे। यहां भी सैकड़ों भक्तों ने भोलेनाथ की आराधना की। इसी तरह सोमेश्वर महादेव मंदिर में शिव विवाह संपन्न कराया गया। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए, जिन्होंने विवाह के बाद प्रसाद ग्रहण कर पुण्यलाभ अर्जित किया।









