
झमटुली के स्व. संतोष विजय स्मृति टूर्नामेंट का हुआ समापनन
छतरपुर। राजनगर जनपद के ग्राम झमटुली में चल रहे स्व. संतोष विजय स्मृति टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला शनिवार को छतरपुर और पन्ना के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में छतरपुर की टीम ने पन्ना को शिकस्त देकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू मैदान पर मौजूद रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशिकांत अग्निहोत्री, पत्रकार सुबोध त्रिपाठी ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया।राष्ट्रगान के के साथ फाइनल मुकाबले का शुभारंभ हुआ। अतिथियों ने मैदान पर जाकर दोनों टीमों के खिलाडिय़ों से परिचय लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही आयोजन समिति को उत्कृष्ट खेल आयोजन के लिए साधुवाद देकर हर संभव सहयोग करने की बात कही। तदपुरांत पन्ना और छतरपुर के बीच मैच शुरु हुआ। 20 ओवर के इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए छतरपुर की टीम ने 19.9 ओवर में 180 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पन्ना की टीम 17.2 ओवर में 139 रन ही बना सकी और इस तरह से छतरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल कर टूर्नामेंट के खिताब पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच छतरपुर की टीम के कप्तान मो. शाहिद को चुना गया, जबकि मैन ऑफ द सीरीज वानिद रहे। अतिथियों के हाथों से विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड तथा पुरुस्कार प्रदान किए गए। अपने उद्बोधन में क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि अगने वर्ष से वे इस टूर्नामेंट को और अधिक भव्यता देकर इसका आयोजन कराएंगे। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशिकांत अग्निहोत्री ने कहा कि झमटुली के इस खेल मैदान को वे और अधिक विकसित कराकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराएंगे तथा खेलों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। आयोजन समिति की ओर से झमटुली सरपंच प्रतिनिधि राजू पटेल ने अतिथियों और समस्त सहयोगियों का आभार जताया। कमेन्ट्री का जिम्मा देवेन्द्र पाण्डेय ओंटापुरवा, मानिकलाल पटेल और रज्जन पाण्डेय ने संभाला जबकि स्कोरर की भूमिका महेश पटेल ने अदा की। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की तकरीबन डेढ़ दर्जन से अधिक पंचायतों के सरपंच और हजारों की संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।









