
कलेक्टर, एसपी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर दिए दिशा-निर्देश
छतरपुर। आने वाली 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड पुलिस लाइन परिसर में राष्ट्रीय सलामी, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इस हेतु पुलिस परेड ग्राउंड में रिहर्सल की जा रही थी। बुधवार को गणतंत्र दिवस परेड की फाइनल रिहर्सल हुई। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पुलिस लाइन के ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ध्वजारोहण करेंगे। परेड के साथ यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकियां का प्रदर्शन किया जाएगा। कलेक्टर संदीप जी आर एवं पुलिस अधीक्षक अमित सांघी द्वारा रिहर्सल और पृथक-पृथक प्लाटून का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक छतरपुर द्वारा परेड कमांडर एवं समस्त प्लाटून कमांडरों एवं परेड में उपस्थित बल को निर्धारित साफ-सुथरी वेशभूषा, पंक्तिबद्ध मार्च, एवं कमांड, हर्ष फायरिंग हेतु दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संपूर्ण परिसर का निरीक्षण करते हुए परिसर में व्यवस्थाओं के संबंध में भी निर्देश दिए गए। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो इस हेतु यातायात प्रभारी तथा संबंधित अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। गणतंत्र दिवस परेड की परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रक्षित केंद्र छतरपुर श्रीमती पूर्णिमा मिश्रा तथा सेकंड इन परेड कमांडर सूबेदार नृपेंद्र सिंह के कमांडिंग नेतृत्व में जिला पुलिस बल छतरपुर, विशेष सशस्त्र बल कंपनी 29वीं बटालियन दतिया, नगर सैनिक बल, राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं स्काउट की विभिन्न प्लाटून द्वारा परेड मार्च रिहर्सल संपन्न हुई। गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल पर अपर कलेक्टर छतरपुर नम: शिवाय अरजरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, यातायात प्रभारी निरीक्षक दलबीर सिंह मार्को एवं संबंधित सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।








