Home डेली न्यूज़ छतरपुर में दीपावली जैसा उत्साह, राममय हुआ जिला

छतरपुर में दीपावली जैसा उत्साह, राममय हुआ जिला

87
0
Jeevan Ayurveda

दीपक और आतिशबाजी बिके, बाजार में रही रौनक
छतरपुर। अयोध्या में आज होने जा रही रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर छतरपुर शहर के बाजार में रामनवमीं और दीपावली जैसी रौनक देखने को मिली। दिन भर लोग भगवा ध्वज, दीपक, रंगोली बनाने की सामग्री, लाइट-झालर, पटाखे, मिष्ठान और पूजा-पाठ की सामग्री की खरीददारी करते रहे। बाजार में दीपक खरीदने पहुंची प्रिया तिवारी ने कहा कि आज हमारे आराध्य प्रभु श्रीराम 500 वर्षों के बाद पुन: राममंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं इसलिए हम इस दिन को रामनवमीं और दीपावली की तरह पूर्ण उत्साह के साथ मनाएंगे। इसकी तैयारियों में वह जुटी हुई हैं और खरीददारी करने के लिए बाजार आई हैं। इसी तरह पुष्पा राजपूत ने कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास का सबसे बड़ा दिन है, इसलिए भारत में रहने वाले हर व्यक्ति को आज का दिन यादगार बनाना चाहिए, हम भी इसी तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि वे पूजा-पाठ की सामग्री खरीदने आई हैं। आज वे अपने घर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण करेंगी। एक अन्य ग्राहक अरविंद वर्मा ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें इस वर्ष की शुरुआत में ही इतनी बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर आज का दिन संपूर्ण भारतवर्ष के लिए दूसरी दीपावली के जैसा है। वहीं दीपक बेचने वाले दुकानदार अनंतराम प्रजापति ने बताया कि पिछले तीन दिनों में उनकी दुकान से हजारों दीपक की बिक्री हुई है। अनंतराम के मुताबिक दीपावली की तरह ही लोग दीपक की खरीददारी कर रहे हैं जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर जमकर उत्साह है। ध्वज विक्रेता अमित खरे ने बताया कि जितनी बिक्री रामनवमीं के अवसर पर होती है उससे अधिक बिक्री पिछले एक सप्ताह में उनकी दुकान से हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह का माहौल है। संभवत: आज छतरपुर शहर के हर घर पर भगवा ध्वज देखने को मिलेगा।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here