
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत पन्ना रोड पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। बताया गया है कि राजनगर जनपद क्षेत्र के ग्राम इमलाहा का रहने वाला 32 वर्षीय मुकेश पुत्र बाबूलाल साहू अपने साथी बिहारी पुत्र अनारी साहू उम्र 27 वर्ष के साथ पन्ना निवासी अपने मामा के घर जा रहा था। इसी दौरान पन्ना रोड पर ग्राम चुरारन के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने मुकेश की बाईक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मुकेश और बिहारी दोनों घायल हो गए। कार चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को बमीठा अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।








