
नौगांव के 182वें स्थापना दिवस समारोह में कवियों के बीच हुई प्रतियोगिता
नौगांव। नगर के 182वें स्थापना दिवस समारोह के में बीती शाम स्थापना दिवस समिति द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कवियों के बीच प्रतियोगिता हुई। गुरुवार की रात 8 बजे से कवि सम्मेलन का कार्यक्रम शुरू हुआ जो रात 1 बजे तक चला। नगर के 10 कवियों में प्रथम स्थान पर रहे कुलदीप पाठक को नौगांव के सर्वश्रेष्ठ कवि का खिताब दिया गया। इसके अलावा दूसरे स्थान पर रीतेश पटैरिया और तीसरे स्थान पर आलोक गुप्ता रहे। सभी कवियों को ट्रॉफी और नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।कवि सम्मेलन के फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष अजय दौलत तिवारी, पूर्व नपाध्यक्ष अभिलाषा शिवहरे रही। उपस्थित अतिथियों ने नौगांव के बारे में युवाओं को जानकारी दी। इसी दौरान इतिहासकार दिनेश सेन के द्वारा लिखित अपना नौगांव पुस्तक का विमोचन भी किया गया। नौगांव आइडल की रनर दिव्या नायक ने राम भजन गाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद कवि सम्मेलन का पहला राउंड हुआ। प्रथम राउंड के बाद वरिष्ठ नागरिकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। तदुपरांत बेस्ट डांसर नौगांव की विजेता काव्या मिश्रा, श्रेया मिश्रा और परिधि गुप्ता ने नृत्य प्रस्तुति दी। कवि सम्मेलन के द्वितीय चरण में नौगांव नगर पर आधारित कविताएं सुनाई गईं। अंतिम चरण में निर्णायक सुरेंद्र शर्मा सुमन छतरपुर, मुकेश मासूम मुंबई, रिटायर्ड इंजी. सीबी त्रिपाठी, अमर सिंह राय ने परिणाम घोषित किया। सभी कवियों को समिति एवं प्रायोजक चिराग ज्वेलर्स एंड गहना के द्वारा शील्ड और नगद राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन सावन दीक्षित और कवि सम्मेलन का संचालन कवि प्रेम नारायण चौबे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संयोजक अभिषेक त्रिपाठी, सनातन रावत, महेश साहू, दिनेश सेन, कुलदीप यादव, दिवाकर पटेरिया, सौरभ तिवारी, अभय तिवारी, रानू राजा, भूपेंद्र रेजा, राजेश मिश्रा, विषु नायक की अहम भूमिका रही।









