छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर में गुरुवार को भारी अव्यवस्था का मामला सामने आया, जहां दूर-दराज से आई गर्भवती महिलाएं घंटों तक जांच के लिए इंतजार करती रहीं। महिलाओं का कहना है कि वे सुबह 9 बजे से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन भीड़ इतनी अधिक है कि समय पर जांच नहीं हो पा रही है। अस्पताल में व्यवस्थाओं की कमी साफ नजर आई, जहां न तो पर्याप्त स्टाफ मौजूद था और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।लाइन में खड़ी महिलाओं ने बताया कि पुरुष भी कतार में घुस जाते हैं, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति बन जाती है। इस दौरान कई महिलाएं असहज और परेशान नजर आईं। सबसे बड़ी बात यह रही कि मौके पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।मामला तब गंभीर हुआ जब मीडिया ने मौके पर पहुंचकर कवरेज शुरू किया। इसके बाद ही अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचा। हालांकि तब तक महिलाएं काफी देर तक परेशान हो चुकी थीं। इस घटना ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।










