छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरकोहा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 20 वर्षीय युवक दीपेन्द्र यादव की मिट्टी धंसने से मौत हो गई। मृतक दीपेन्द्र यादव पुत्र जमुना यादव निवासी इसी ग्राम के थे।जानकारी के अनुसार, युवक सुबह करीब 6 बजे अपने खेत पर किसी कार्य के लिए मिट्टी निकालने गया था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया और उसके ऊपर गिर पड़ा। इससे वह गंभीर रूप से दब गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से युवक को बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम सरपंच प्रीतम यादव ने बताया कि यह हादसा पूरी तरह अचानक हुआ है। परिजनों ने शासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।










