टीकमगढ़। जिले भर में मकर संक्रांति का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान तीर्थ स्थली कुंडेश्वर के साथ ही अन्य नदी – तालाबों में लोगों ने डुबकी लगाई और शिवाभिषेक किया। मंदिरों में बढ़ी संख्या में भक्तों का तांता लगा रहा। कुंडेश्वर में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के साथ साथ यातायात के बेहतर प्रबंध किए। भगवान भोलेनाथ का सुंदर श्रृंगार किया गया एवं आरती के साथ ही पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मेला सहित मंदिर इलाके पर अपनी नजर बनाए रखी। मेले में हजारों की संख्या में पहुंची महिलाओं एवं बच्चों ने जमकर खरीददारी की। बताया गया है कि बल्देवगढ़, बड़ागांव धसान, लार, पलेरा, मवई, कारी, अस्तौन सहित कुंडेश्वर धाम पर मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया गया। इस दौरान जिले की धसान, जामनी, जमढ़ार, उर सहित अन्य नदियों पर सुबह से ही बढ़ी संख्या में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। मैया विंध्यवासनी, शिव धाम कुंडेश्वर, बड़ागांव धसान सहित अन्य क्षेत्रों में नदियों पर मेला लगा रहा। मंदिरों में लोगों ने स्नानादि कर दर्शन किए। बच्चों में मेले के दौरान काफी उत्साह देखा गया। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देश दिए। सूबेदार, आरआई सहित अनेक थाना प्रभारी सुरक्षा व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। गुम हुए बच्चों को उनके अभिभावकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी जहां पुलिस प्रशासन ने बखूबी निभाई, वहीं नदियों के घाटों पर बराबर नजर बनाए रखी। मेला में गुब्बारों, खिलौनों के अलावा खाने-पीने के सामानों की बिक्री जमकर हुई, वहीं दूसरी ओर घर-गृहस्थी के सामानों की महिलाओं ने खरीददारी की। कुंडेश्वर धाम पर भगवान भोलेनाथ का मनोहार श्रृंगार किया गया। रात्रि में पूजा-अर्चना के साथ ही आरती की गई। बुंदेली लमटेरा गीतों की बहार रही एवं तिली के लड्डुओं के साथ ही अन्य पकवानों का लोगों ने जायका लिया। बच्चों के हाथों में सारे रास्ते में खिलौने नजर आए। बताया गया है कि राहगीरों को पीने के पानी आदि का जगह-जगह इंतजाम किया गया। होटल सूर्या के संचालक सूर्य प्रकार पस्तोर सहित उनके साथियों ने तीर्थयात्रियों की भरपूर मदद की। इस अवसर पर स्थानीय निवासी राजाराम यादव, नंदकिशोर दीक्षित सहित कुंडेश्वर धाम ट्रस्ट कमेटी ने भी आने-जाने वालों की भरपूर मदद की।










