छतरपुर। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को हाई स्कूल चुरवारी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में प्रिंसिपल सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
केंद्रीय मंत्री ने पिछले वर्ष निर्मित स्कूल भवन का बारीकी से जायजा लिया, जहां निर्माण की गुणवत्ता खराब पाई। जिसमें दीवारों, प्लास्टर और निर्माण फिनिशिंग में खामियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर ही केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन कर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शिक्षा संस्थानों में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।









