छतरपुर जिले की नौगांव नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 1 में स्वच्छता को लेकर नागरिकों ने एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने सरकारी तंत्र और नगर पालिका की कार्यप्रणाली को आइना दिखा दिया। दरअसल वार्ड में लंबे समय से व्याप्त गंदगी और नियमित सफाई न होने से परेशान युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने नगर पालिका की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वयं झाड़ू उठाने का निर्णय लिया।नौगांव के पिपरी वार्ड क्रमांक 1 में इस अभियान की शुरुआत डॉ. इम्तियाज खान के नेतृत्व में करीब छह माह पूर्व हुई थी, जो अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि इस वार्ड का प्रतिनिधित्व स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी करते हैं, इसके बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल थी। डॉ. इम्तियाज की प्रेरणा से पूर्व पार्षद कलीम, व्यापारी मनीष अग्रवाल, पवन अग्रवाल, ट्रांसपोर्टर गुड्डे खान और नारायण सेन जैसे नागरिकों ने कंधे से कंधा मिलाकर मोहल्ले की सड़कों, मंदिरों, मस्जिदों और स्कूलों के आसपास के मैदानों का कायाकल्प कर दिया है।










