
हरपालपुर। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवासहीन लोगों को राहत देने के लिए हरपालपुर में भौतिक सत्यापन का कार्य शुरू हो गया है। गुरुवार को कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर नौगांव तहसीलदार रंजना यादव के नेतृत्व में राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने वार्डों में घर-घर जाकर पीएम आवास योजना के आवेदनों की जांच शुरू की।
राजस्व और नपा के अमले ने हरपालपुर के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक प्राप्त 285 आवेदन पत्रों की मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। तहसीलदार रंजना यादव के साथ गठित दल में राजस्व निरीक्षक द्वारका प्रसाद गुप्ता, आशीष पांडेय, पटवारी प्रदीप पाठक, वार्ड प्रभारी संतोष निरंजन और देवेंद्र पटेरिया शामिल रहे। इस दल ने आवेदकों की पात्रता के मापदंडों की जांच की। सीएमओ महादेव अवस्थी ने बताया कि सत्यापन का कार्य एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। संभावना है कि अगले छह माह में पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।








