
छतरपुर। रविवार की शाम को शहर के छत्रसाल चौक पर महर्षि विद्या मंदिर, गांधी आश्रम और समाजसेवियों के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने दीप जलाकर शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल धमौरा के दिवंगत प्राचार्य एसके सक्सेना को श्रद्धांजलि दी। समाजसेवी शंकर सोनी ने बताया कि पिछले दिनों प्राचार्य एसके सक्सेना की विद्यालय के ही छात्र ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनके सम्मान और स्मृति में आज यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें दीप और कैंडिल जलाकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई है। कार्यक्रम में समाजसेवियों के अलावा महर्षि विद्या मंदिर देरी रोड के प्राचार्य सीके सक्सेना, पंकज जैन सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।








