
टीकमगढ़। एक ओर जहां जिले में हत्या, बलात्कार एवं चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन लगातार बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने में जुटा हुआ है। जुआ और सट्टा सहित खनिज का अवैध कारोबार पुलिस प्रशासन के लिए सिर दर्द बना हुआ है। जिले में हो रही ताबड़तोड़ घटनाओं को लेकर लोगों की नाराजगी लाजमी है, लेकिन अच्छी बात यह कही जा सकती है कि पुलिस प्रशासन फरार अपराधियों को खोजने और उन्हें हवालात तक लाने में जरूर कामयाब होती रही है। कोतवाली, चंदेरा, लिधौरा सहित जहां कई थानों में अवैध कारोबारियों पर लगाम कसी जाती रही है, तो वहीं कई थानों के सामने से ही बिना नंबर के डंफर और ट्रक अवैध रेत कारोबार करते नजर आ रहे हैं। रेत, जुआ, सट्टा सहित अन्य अवैध कारोबारियों पर अंकुश लगाने के लिए पूर्व में तो पुलिस कप्तान अन्य थानों से पुलिस भेजकर कार्रवाईयां करने में कामयाब होते रहे, लेकिन अब इस तरह की कार्रवाईयां भी लगभग बंद पड़ी हुई हैं। कोतवाली, चंदेरा एवं कुछ अन्य थाना क्षेत्रों में पुलिस को कामयाबी मिल रही है। कोतवाली पुलिस ने काफी मशक्कत कर दुराचार के आरोपी को 72 घंटे के भीतर ही दबोचने में कामयाबी हासिल की। बताया गया है कि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राहुल कटरे के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाया जा रहा है । इस अभियान के दौरान कई थाना क्षेत्रों में आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है और कई थाना क्षेत्रों में पुलिस हवा में हाथ-पांव चलाने में लगी है। बताया गया है कि इसी तारतम्य में थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 909/24 धारा 87, 64(2)(एम), 127(4) बीएनएस के आरोपी दिनेश लोधी निवासी रामनगर भेसाट, कांची लोधी निवासी रामनगर भेसाट, लक्ष्मण लोधी निवासी मलगुवां जिला टीकमगढ़ की गिरफ्तारी हेतु थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक पंकज शर्मा के नेतृत्व मे पुलिस टीम गठित की गई। उक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना से आरोपी कांची लोधी, लक्ष्मण लोधी निवासी मलगुवां जिला टीकमगढ़ को घटना के 72 घंटे के अंदर ग्राम मलगुआं थाना कुड़ीला से गिरफ्तार किया । उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक पंकज शर्मा, चौकी प्रभारी खिरिया उनि वीरेंद्र परस्ते, प्रधान आरक्षक राकेश सिंह घोष, आरक्षक संतोष, भूपेंद्र सिंह, अभय पाठक एवं थाना बुड़ेरा से प्रधान आरक्षक विजय वर्मा, मनोज अहिरवार की सराहनीय भूमिका रही। टीकमगढ़ पुलिस द्वारा निरंतर फरार आरोपियों की धरपकड़ की कार्यवाही जारी रहेगी।








