
गारंटी पीरियड में टूटी सड़क, अब भरी जा रही मिट्टी
खजुराहो। करोड़ों रुपए की लागत से बनी राजनगर-खजुराहो सड़क गारंटी पीरियड में टूट गई है। इस सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे हो गए हैं, जिनमें ठेकेदार द्वारा मिट्टी भरवाई जा रही है। नवनिर्मित सड़क में गड्ढे होना ठेकेदार द्वारा कराए गए घटिया सड़क निर्माण को उजागर कर रहा है। कुछ दिन पूर्व इसी मार्ग की एक पुलिया के सरिया भी बाहर निकल आए थे लेकिन जिन्हें आनन-फानन में पेंचवर्क करके दबा दिया गया है। गौरतलब है कि कई बार इस भ्रष्टाचार की खबरें प्रकाशित की गई लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में एमपीआरडीसी के असिस्टेंट मैनेजर ने जांच के दौरान गड़बड़ी की बात स्वीकार की थी और ठेकेदार से मार्ग ठीक कराने का आश्वासन दिया था। उल्लेखनीय है कि उक्त मार्ग का निर्माण रीवा की उदित इन्फ्रा कंपनी द्वारा किया गया है।








