
पुलिस अधीक्षक ने जांची सुरक्षा व्यवस्था, तैयारियां हुई पूर्ण
छतरपुर। इस वर्ष सावन के पवित्र माह का शुभारंभ और समापन दोनों ही सोमवार को होगा। पूरे श्रावण माह में इस साल 5 सोमवार होंगे, जिसके चलते इस वर्ष बड़ी संख्या में कांवडिय़ों के जटाशंकर धाम पहुंचने की संभावना है। मंदिर समिति द्वारा इस हेतु तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने भी रविवार की दोपहर 12 बजे जटाशंकर में सुरक्षा व्यवस्था जांचकर, एसडीओपी शशांक जैन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इस दौरान एसपी अगम जैन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर न्यास के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल से किए गए इंतजामों की जानकारी ली।लोकन्यास श्री जटाशंकर धाम के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने बताया कि श्रावण मास में यहां पर बड़ी तादाद में श्रद्धालु आते हैं। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भजन, कीर्तन के साथ ही पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में भंडारे का आयोजन श्रद्धालुओं द्वारा किया जाता है। साथ ही बहुत बड़ी संख्या में कांवरिया भी कांवर लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों से यहां पहुंचते हैं। इसके अलावा पूरे श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए श्री जटाशंकर धाम पहुंचते हैं। न्यास अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने शिव धाम पहुंचने वाले भक्तों से अपील की है कि एक साथ एक समूह में एक हजार से अधिक भक्तगण पदयात्रा करते हुए शिवधाम पहुंचते हैं, तो समय रहते इसकी सूचना न्यास को दे, जिससे आवश्यक इंतजाम किए जा सके। वहीं ट्रस्ट कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि शिव धाम को साफ स्वच्छ बनाए रखने में सभी योगदान दे और कचरा ना फैलाएं। भंडारा करने वाले लोग थर्माकोल की बजाय पत्ते वाले दोना, थाली का उपयोग करें। न्यास द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही भंडारे किए जा सकेंगे। न्यास द्वारा अतिरिक्त वालंटियर लगाकर साफ, सफाई, रोशनी, पेयजल, स्नान के साथ ही व्यवस्थित दर्शन के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सोमवार को मंदिर रोजाना से 2 घंटे पहले खोला जाएगा। वहीं शयन आरती का समय भी पूरे श्रावण मास तक 1 घंटे के लिए बढ़ाया गया है।









