
शराब के नशे में मचाया गया उत्पात, 4 घंटे बाद पहुंची पुलिस
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत शनिवार की रात जिला अस्पताल में शराब के नशे में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। यह घटना जिला अस्पताल की चौथी मंजिल पर भर्ती एक मरीज के परिजनों और कुछ शराबियों के बीच हुई है। बताया गया है कि मरीज के परिजन रात करीब साढ़े 11 बजे लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, उसी लिफ्ट में तीन शराबी भी थे जिनके द्वारा मरीज के परिजनों से अभद्रता की गई और इसके बाद विवाद शुरु हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक जा पहुंची। शराबियों के द्वारा मरीज के परिजनों के साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान अस्पताल के गार्ड विवाद को रोकने का काफी प्रयास करते रहे लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। घटना की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस को जिला अस्पताल पहुंचने में 4 घंटे का समय लगा, तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। इस मारपीट के वीडियो मरीज के परिजनों के पास हैं, जो उनके द्वारा पुलिस को दिए गए हैं।








