
जेपी सिनेमा के सहयोग से ब्रह्माकुमारीज ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
छतरपुर। ब्रह्माकुमारीज के विश्वनाथ कॉलोनी सेवाकेन्द्र की बहनों द्वारा शुक्रवार को शहर के पेप्टेक टाउन स्थित जेपी सिनेमा के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। कार्यक्रम में बीके रीमा बहन ने कहा कि हमारा लक्ष्य मूल्यों के माध्यम से एक-एक पेड़ के साथ आत्मा का पोषण करने की पवित्र प्रक्रिया को जोड़ना है। उन्होंने अनुरोध किया है कि हर व्यक्ति एक पौधा रोपकर उसका पालन-पोषण करे। वहीं ब्रह्माकुमारी नम्रता बहन ने कहा कि वृक्षारोपण के समय पौधों को संकल्प दें कि इस सृष्टि में उसका नया जन्म हुआ है और वह भविष्य में फल-फूल, ऑक्सीजन, अनेक जीव राशियों को स्थान दे। बीके शिल्पा बहन ने पर्यावरण को स्वच्छ बनाने और वृक्षारोपण करने का महत्व को समझाया। अंत में बीके नेहा बहन ने उपस्थित लोगों का आभार जताया।









