
मारपीट करने के बाद सोने-चांदी से भरा बैग छीनकर भागे
छतरपुर। रविवार की शाम मातगुवां थाना क्षेत्र में दो सर्राफा व्यापारियों के साथ बाईक से आए अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया। लुटेरों ने पहले व्यापारियों के साथ मारपीट की और इसके बाद कट्टा दिखाकर सोने-चांदी से भरा बैग छीनकर चंपत हो गए। मारपीट में घायल हुए व्यापारियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था किंतु एक व्यापारी की हालत गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनगौर निवासी प्रमोद सोनी अपने बड़े भाई देवेंद्र सोनी के साथ सर्राफा व्यापार करता है। रविवार को दोनों बरद्वाहा गांव के हाट-बाजार में गये थे। यहां से वापिस लौटते समय ककरदा गांव की मोड़ के पास बाइक से आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरु कर दी। बाद में कट्टे से हवाई फायर किया और सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीनकर भाग गए। बैग में 80 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी होने की बात व्यापारियों ने कही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख है। घटना के बाद राहगीरों की मदद से दोनों के इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया। मारपीट से दोनों के सिर, पैर और हाथों में चोट आई है। देवेंद्र सोनी की हालत गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर रेफर किया गया है जबकि प्रमोद सोनी का जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि फरियादी मातगुवां थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम अनगौर के रहने वाले हैं। उनके द्वारा की गई शिकायत पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की गई है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।








