
छतरपुर। मप्र बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य अनुराग पाण्डेय ने जिले की विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। बाल संप्रेक्षण गृह के औचक निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं। उन्होंने आंगनबाड़ी के अलावा शिशुगृह का भी निरीक्षण किया।जानकारी के मुताबिक आयोग सदस्य श्री पाण्डेय संकल्प सोसायटी के कार्यक्रम में शामिल होने खजुराहो आए थे। उन्होंने इस दौरान एक आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में आंगनबाड़ी में बच्चे खेलते मिले एवं कार्यकर्ता व सहायिका भी अपने कार्य में लिप्त मिलीं। इसके बाद उन्होंने राजयश्री शिशुगृह का निरीक्षण किया। शिशु गृह समिति के विनय पटैरिया ने श्री पाण्डेय का आत्मीय स्वागत किया। यहां बच्चों की भोजन व्यवस्था, उनके आवास तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यहां की व्यवस्था से वे संतुष्ट दिखे। उन्होंने बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। इस गृह में 7 बच्चे मिले, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था देखने को मिली। वे बाल कल्याण समिति के कार्यालय भी पहुंचे जहां अध्यक्ष व सदस्यों से मुलाकात की। हाल ही में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हम लगातार समाज को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं ताकि ऐसी गंभीर घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। भ्रमण के दौरान सीडब्ल्यूसी व महिला बाल विकास विभाग की टीम मौजूद रही।








