छतरपुर। एनएसयूआई के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छतरपुर जिले में संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें 25 से 30 एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसयूआई आईटी सेल के जिला अध्यक्ष अश्वनी मिश्रा द्वारा किया गया। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने न केवल रक्तदान किया बल्कि अन्य युवाओं को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। शिविर में शामिल युवाओं ने बताया कि रक्तदान सबसे बड़ा दान होता है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है।अश्वनी मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि एनएसयूआई हमेशा से सामाजिक कार्यों में अग्रणी रही है और स्थापना दिवस के मौके पर रक्तदान जैसे कार्यों के माध्यम से संगठन ने समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को आगे आकर ऐसे कार्यों में भाग लेना चाहिए, जिससे समाज में जागरूकता बढ़े और जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने रक्तदान करने वाले युवाओं की स्वास्थ्य जांच की और सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके इस योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर अजय बिंदुआ, दिनेश अहिरवार, गौरव, शिवम यादव, कृष्णकांत शर्मा, शिवम, विक्की, आशीष, अभिषेक मिश्रा, रोहित, छोटू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।










