छतरपुर। छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-86 स्थित बुन्देला ढाबा के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक टक्कर मारने के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया।घायल की पहचान शंकर यादव (20) पिता मुन्ना यादव, निवासी नंदगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शंकर अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, तभी तेज गति से आ रही कार ने उसे सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुट गई है। मातगुवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ब पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।









