छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की है। पुलिस ने शहर के एक कथित युवा कवि को महिला की शिकायत पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि, ताजा जानकारी के अनुसार आरोपी वर्तमान में जमानत पर बाहर आ गया है।सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले एक महिला ने कवि सुश्रुत त्रिपाठी के विरुद्ध छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी उस पर राजीनामा करने का लगातार दबाव बना रहा था। आरोपी के पास महिला की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो थे, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल कर रहा था। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेजा गया था। हलांकि फिलहाल सुश्रुत त्रिपाठी जमानत पर जेल से बाहर आ गया है।









