छतरपुर। जिले के सटई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नदगांय में नए साल के अवसर पर एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ नदी के पास से गुजर रहे बाइक सवारों की टक्कर अचानक एक नीलगाय से हो गई, जिसके परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदगांय निवासी रतिराम अहिरवार अपने भतीजे करण अहिरवार के साथ नए वर्ष के उपलक्ष्य में किसी कार्य से बाहर जा रहे थे। जब वे गाँव के पास स्थित नदी के समीप पहुँचे, तभी अचानक झाडिय़ों से निकलकर एक नीलगाय उनकी मोटरसाइकिल के सामने आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी, जिससे रतिराम और करण दोनों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से रतिराम अहिरवार को उपचार हेतु सटई अस्पताल ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुँचने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने रतिराम का परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए उनके भतीजे करण अहिरवार का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जाँच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में शुक्रवार को मृतक रतिराम अहिरवार के शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।










