Home डेली न्यूज़ विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग

विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग

51
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में मंंगलवार को छात्रों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बुंदेलखंड छात्र शक्ति संगठन के बैनर तले किया गया। छात्रों ने खराब परीक्षा परिणाम, विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कमी, पीने के पानी की समस्या तथा आपत्तिजनक सामग्री मिलने जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर नाराजगी जताई और कुलगुरु को ज्ञापन सौंपा।बुंदेलखंड छात्र शक्ति संगठन के सतेन्द्र शर्मा ने बताया कि इस सत्र में बड़ी संख्या में छात्रों के परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं आए हैं। कई छात्रों को सप्लीमेंट्री दी गई है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा परिणामों की पुन: समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी असामाजिक तत्वों का लगातार आना-जाना बना रहता है, जिससे छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। इससे नियमित कक्षाएं भी प्रभावित हो रही हैं। छात्रों ने विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की। इसके साथ ही छात्रों ने विश्वविद्यालय में पीने के पानी की बदहाल व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि कई पानी की टंकियां बंद पड़ी हैं और वाटर कूलर खराब हैं। कक्षाओं और परिसर की नियमित साफ-सफाई न होने से स्वच्छ वातावरण नहीं मिल पा रहा है। छात्रों ने कुलगुरु से मांग की कि इन सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर हो सके और पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो। इस संबंध में कुलगुरु राकेश सिंह कुशवाह ने कहा कि यदि परीक्षा परिणामों में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो उसकी जांच कराई जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पानी की समस्या के समाधान के लिए तीन नए वाटर कूलर लगवाए जा रहे हैं, जिससे छात्रों को राहत मिलेगी।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here