छतरपुर। सोशल मीडिया पर आपराधिक धाराओं का खुला प्रदर्शन कर समाज में भय और गलत संदेश फैलाने वालों के खिलाफ छतरपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर जिले के सभी थानों द्वारा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है और ऐसे तत्वों को कड़ी एडवाइजरी जारी की गई है।सीएसपी अरुण सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ युवक 302, 307 जैसी गंभीर आपराधिक धाराओं का उल्लेख कर फर्जी या आपत्तिजनक अकाउंट बना रहे हैं। साथ ही भड़काऊ पोस्ट डालकर सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है, जो कानून का उल्लंघन है और समाज में डर व असुरक्षा का वातावरण पैदा करता है।सीएसपी अरुण सोनी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा इस तरह के आपराधिक प्रवृत्ति वाले अकाउंट या पोस्ट पाए जाते हैं, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को अभी से सतर्क हो जाने की सलाह दी गई है, अन्यथा पुलिस की बड़ी कार्रवाई सुनिश्चित है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस तरह की संदिग्ध या आपत्तिजनक सोशल मीडिया गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाने या पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।










