छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजारपुरा गांव में खेत में शराब रखने का विरोध करने पर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में अजय यादव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अजय यादव ने बताया कि जब वह अपने खेत में पानी डालने गए, तभी गांव के ही शिवपाल, अशोक और लक्ष्मन यादव ने उनके खेत में शराब की पेटियां रख दीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो तीनों ने मिलकर लाठी और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया।घटना के समय अजय यादव के साथ उनका 12 वर्षीय पुत्र मौजूद था जबकि पत्नि घर पर थीं। घायल की पत्नि नेहा यादव ने बताया कि मेरे पति और पुत्र जब खेत पर थे। तभी उनके पति ने आरोपियों से कहा कि हमारे खेत में शराब की पेटियां मत रखो, वैसे ही तीनों ने उनके पति पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। आरोपी उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गए। घटना की सूचना बेटे ने उन्हें घर पर फोन करके दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।पीडि़तों का आरोप है कि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद घायल अजय यादव को 108 एंबुलेंस की मदद से बड़ामलहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।









