सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ रही है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। गुरुवार को विभागों की संयुक्त टीम द्वारा मेले का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान झूलों की सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी, फायर सेफ्टी, एंट्री-एग्जिट मार्ग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। शुरुआती जांच में पाया गया कि कुछ झूले अतिरिक्त रूप से लगाए गए हैं, जिनमें उचित दूरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएसपी ने बताया कि नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी और एमपीईबी के माध्यम से प्रतिदिन सुरक्षा से जुड़ी रिपोर्ट ली जाएगी। झूलों को पूर्ण रूप से सुरक्षित कराकर ही संचालित कराया जाएगा, ताकि मेले में आने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।









