छतरपुर। घुवारा चौकी क्षेत्र में जमीन पर कब्जा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम अमरवा निवासी सोनू यादव (28) पुत्र सूका यादव ने आरोप लगाया है कि काशीराम यादव, ब्रजवंदन यादव, रमेश यादव और राजाराम यादव ने उसकी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है।
पीडि़त के अनुसार वह अपने बाप-दादाओं के समय से पुराने मकान में रहकर पीछे की जमीन पर खेती करता आ रहा है। आरोप है कि 9 अक्टूबर 2025 को आरोपियों ने उसकी जमीन पर तारवारी लगाकर कब्जा कर लिया। इसकी शिकायत सोनू यादव ने चौकी घुवारा में की थी। सोनू यादव का कहना है कि अगले ही दिन आरोपियों ने उसके खेत पर और अधिक कब्जा कर लिया। जब उसने 13 अक्टूबर को फिर से शिकायत की तो पुलिस ने सही तरीके से रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसी दौरान आरोपी लाठी, डंडा और कुल्हाड़ी लेकर उसके घर आ पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसकी जमीन और मकान का कब्जा वापस दिलाया जाए और आरोपियों व संबंधित पुलिसकर्मी पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उसने कहा कि अगर उसके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार आरोपी और आरक्षक विजय यादव होंगे।










